केशकाल घाट में पुलिस का एक्शन, ओवरस्पीड और ओवरटेक पर चालानी कार्रवाई तेज
केशकाल/ जिला कोंडागांव | 31 मार्च 2026
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
केशकाल घाट में लग रहे लगातार जाम और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए कोंडागांव पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में थाना केशकाल द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च की रात केशकाल घाट में जाम लगने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ओवरस्पीड और ओवरटेक कर रही गाड़ियों पर चालानी कार्रवाई की। इस दौरान विशेष रूप से माइंस में लगी हाइवा गाड़ियों को निशाने पर लिया गया, जिनकी तेज रफ्तार और लापरवाही की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नारायणपुर से भानुप्रतापपुर की ओर जाने वाली इन हाइवा वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुछ गाड़ियों को फरसगांव में तेज रफ्तार के कारण रोका गया, वहीं कई वाहनों को ओवरटेक करते पाए जाने पर केशकाल में खड़ा कराया गया। साथ ही सुरडोगार मैदान में भी कई गाड़ियों को खड़ा कर कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस सख्ती के बाद क्षेत्र में वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। वहीं थाना प्रभारी (TI) केशकाल विकास बघेल सहित समस्त केशकाल पुलिस स्टाफ द्वारा लगातार घाट में लगने वाले जाम को हटाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर तैनात रहकर यातायात को सुचारू बनाए रखने में जुटी रहती है।
प्रशासन का कहना है कि केशकाल घाट में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे लापरवाह वाहन चालकों पर लगाम लगेगी और जाम की समस्या में सुधार आएगा।






