
फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर तेंदुआ खाल तस्करी का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव।
जिले के केशकाल वनमंडल अंतर्गत फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदुआ खाल की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा उनके कब्जे से तेंदुआ की खाल, एक भरमार बंदूक सहित दो वाहन जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19.03.2026 को मुखबिर की सूचना पर वाइल्ड लाइफ सेंट्री रायपुर की उड़नदस्ता टीम एवं वनमंडलाधिकारी केशकाल के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर ग्राम बैलगांव के समीप जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
बताया गया कि आरोपी मोटरसाइकिल (CG 04 DK 0533) में बोरी में तेंदुआ खाल लेकर पहुंचे थे, वहीं उनके सहयोगी ईको वाहन (CG 17 KZ 2755) में पीछे से आ रहे थे। वन विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी को पकड़ लिया और गवाहों के समक्ष जप्ती की कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा करीब 7 माह पूर्व भरमार बंदूक से तेंदुआ का शिकार कर खाल को सुखाकर बिक्री के लिए लाया जा रहा था। जप्त खाल की लंबाई लगभग 195 सेमी एवं चौड़ाई 45 सेमी पाई गई है।
पूछताछ के आधार पर 20.03.2026 को मुख्य आरोपी सहित अन्य सहयोगियों को ग्राम बोरावंड (जिला नारायणपुर) से गिरफ्तार किया गया तथा मुख्य आरोपी के पास से एक भरमार बंदूक भी जब्त की गई।
इस मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 19416/13 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को वनमंडलाधिकारी श्रीमती दिव्या गौतम के मार्गदर्शन में उप वनमंडलाधिकारी फरसगांव श्री एन.के. सिन्हा एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री आर.एस. यादव सहित वन विभाग की टीम ने अंजाम दिया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






