जामगांव 132 केवी सब स्टेशन की सुस्ती पर कलेक्टर का फटकार, जल्द पूरा करने के निर्देश, लो वोल्टेज से किसान बेहाल
केशकाल/कोंडागांव |
केशकाल विधानसभा क्षेत्र के जामगांव में निर्माणाधीन 132 केवी सब स्टेशन अब राहत से ज्यादा लोगों के गुस्से की वजह बनता जा रहा है। एक ओर पूरा क्षेत्र इन दिनों लगातार लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है, जिसके चलते किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और नाराज किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य कछुआ चाल से आगे बढ़ रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लो वोल्टेज की समस्या से परेशान किसान आए दिन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दे रहे हैं। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि यह मुद्दा अब जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसके बावजूद 132 केवी सब स्टेशन के निर्माण की धीमी गति कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जब इस संबंध में मीडिया ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना स्वयं केशकाल पहुंचीं और निर्माणाधीन सब स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश से पहले हर हाल में कार्य पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट किसानों और आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि लो वोल्टेज की समस्या से खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य में तेजी लाकर समय पर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि कलेक्टर द्वारा लगातार निरीक्षण और सख्ती के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नजर नहीं आ रही है। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।
फिलहाल, जामगांव का 132 केवी सब स्टेशन विकास का वादा कम और प्रशासनिक सुस्ती व लापरवाही की एक बड़ी मिसाल बनता जा रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता और किसानों को भुगतना पड़ रहा है।






