अमरावती बाजार में गूंजा साइबर जागरूकता का संदेश
ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
कोंडागांव। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अनंतपुर थाना पुलिस द्वारा अमरावती बाजार में साइबर जागृति अभियान के तहत ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस जवानों के साथ स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, नाटक और भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों, जैसे लॉटरी व इनाम का लालच, फर्जी लोन, नौकरी लगाने, ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने लोगों से ओटीपी किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली। प्रतिभागी कलाकारों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों की सहभागिता रही।
अमरावती बाजार में गूंजा साइबर जागरूकता का संदेश ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
