




केशकाल नगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान लगातार उड़ रही धूल अब आम जनता के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। निर्माण स्थल पर पानी का नियमित छिड़काव नहीं किए जाने से पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए केशकाल एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार और एनएच विभाग को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था कि आखिर किन कारणों से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। लेकिन नोटिस के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रशासनिक आदेशों का पालन क्यों नहीं हो रहा है।
धूल की वजह से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है। विशेषकर बाइक चालक, साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चे और पैदल यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही धूल के कारण दमा, एलर्जी और सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों की स्कूल ड्रेस, आम नागरिकों के कपड़े और बाल तक खराब हो रहे हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इन कठिन हालातों के बीच केशकाल पुलिस की मुस्तैदी काबिले तारीफ है।
घनी धूल के बीच, जहां कुछ मिनट खड़ा रहना भी मुश्किल हो जाता है, वहीं पुलिसकर्मी घंटों सड़क पर डटे रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। उनका प्रयास है कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
स्थानीय लोगों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण के दौरान तत्काल प्रभाव से नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूल पर नियंत्रण हो सके और संभावित दुर्घटनाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को भी कम किया जा सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






