केशकाल में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
केशकाल/जिला कोंडागांव | 2 अप्रैल 2026
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर केशकाल में उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मनाया गया। बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां दिनभर भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर के समय बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप शरबत, खिचड़ी एवं अन्य भोजन की व्यवस्था की गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
शाम होते ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और डीजे की धुन के साथ भगवान हनुमान की झांकियों से सजी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा बस स्टैंड से प्रारंभ होकर सूरडोंगर, टाटामारी चौक होते हुए बोरगांव तक मेन रोड से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणजन शोभायात्रा के स्वागत और दर्शन के लिए पहले से मौजूद रहे।
शोभायात्रा में केशकाल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया और हर कोई भक्ति में सराबोर नजर आया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रात्रि करीब 12 बजे से हनुमान मंदिर में विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे बस स्टैंड क्षेत्र को रोशनी और सजावट से जगमगाया गया, जिससे माहौल और भी भव्य हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। केशकाल पुलिस बल के साथ-साथ कोंडागांव जिले के रिजर्व बल को भी विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात किया गया था।
हनुमान जयंती के इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।






